प्रयागराज में दर्ज एफआईआर के बाद वाराणसी के केदार घाट स्थित श्रीविद्या मठ में सोमवार से माहौल काफी सक्रिय और चर्चा का विषय बना रहा। सुबह से ही मठ परिसर में लोगों की आवाजाही बढ़ गई और यह खबर तेजी से फैल गई कि पुलिस कार्रवाई के सिलसिले में वाराणसी पहुंच सकती है। इसके चलते स्थानीय स्तर पर भी हलचल देखी गई।
मीडिया से बातचीत के दौरान शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती ने मामले पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वे जांच एजेंसियों का पूरा सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा, “मैं कहीं जाने या छिपने वाला नहीं हूं। कानून अपना काम करे, मैं हर तरह से सहयोग के लिए तैयार हूं। अगर गिरफ्तारी भी होती है तो उसका भी सामना करूंगा।”
दिनभर श्रीविद्या मठ में समर्थकों, श्रद्धालुओं और विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े लोगों का आना-जाना लगा रहा। कई लोगों ने मठ पहुंचकर अपना समर्थन जताया और स्थिति की जानकारी ली। समाजवादी पार्टी के सांसद वीरेंद्र सिंह भी मठ पहुंचे और स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से मुलाकात कर समर्थन व्यक्त किया।
फिलहाल इस पूरे मामले को लेकर पुलिस की अगली कार्रवाई और जांच की दिशा पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं। प्रशासन की ओर से अभी तक कोई विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन घटनाक्रम को लेकर काशी के धार्मिक और सामाजिक गलियारों में चर्चा तेज बनी हुई है।
